• Wed. Feb 4th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

हाईवे पर जेनरेटर से टकराकर पलटी बेकाबू कार, दर्दनाक हादसे में युवा खिलाड़ी सहित तीन की मौत

ByParyavaran Vichar

Dec 13, 2025

देहरादून।
हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र में प्रेमनगर आश्रम चौक के ऊपर बने फ्लाईओवर पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। फ्लाईओवर पर चल रहे मरम्मत कार्य के दौरान मशीन संचालन के लिए रखे गए जेनरेटर से एक तेज रफ्तार कार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर पलट गई और काफी दूर तक घिसटती चली गई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच हुई, जब फ्लाईओवर पर मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान देहरादून की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार सड़क पर खड़े जेनरेटर से जा टकराई। टक्कर के बाद कार पलट गई और सड़क पर घिसटते हुए दूर जा गिरी। हादसे में कार सवार दो युवक और मौके पर काम कर रहे दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने कार चालक और वॉलीबाल खिलाड़ी अर्पित सैनी (20), निवासी ग्राम इब्राहिमपुर थाना पथरी, तथा मजदूर राजू राय (25), निवासी पश्चिम बंगाल, को मृत घोषित कर दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल दूसरे मजदूर अनाद सिंह, निवासी पश्चिम बंगाल, और कार में सवार रहमान, निवासी ग्राम अलीपुर बहादराबाद, को प्राथमिक उपचार के बाद एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया।

उपचार के दौरान बृहस्पतिवार सुबह अनाद सिंह ने भी दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या तीन हो गई। वहीं रहमान का जौलीग्रांट स्थित अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। युवा वॉलीबाल खिलाड़ी की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। फ्लाईओवर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *