• Sat. Mar 7th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

मेरठ में तुर्कमेनिस्तान की महिला मुहब्बत की हत्या, होटल बुलाकर रची गई साजिश

ByParyavaran Vichar

Mar 6, 2026

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में तुर्कमेनिस्तान की नागरिक मुहब्बत सुनातोव्ना (40) की हत्या का मामला सामने आने के बाद पुलिस जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। शुरुआती जांच में जिस महिला की पहचान दिल्ली की अर्चिता अरोड़ा के रूप में की गई थी, वह दरअसल तुर्कमेनिस्तान की रहने वाली मुहब्बत निकली।

पुलिस के अनुसार, मेरठ के रिठानी स्थित एक होटल में मुहब्बत की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इसके बाद पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने उसका चेहरा और हाथ जला दिए और शव को कार से ले जाकर मवाना क्षेत्र के पास फेंक दिया

पैसों के विवाद में हत्या

पुलिस जांच में सामने आया कि होटल में शराब पीने के दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया था। इसी विवाद के बाद होटल संचालक चंचल कुमार उर्फ बंटी ने अपने साथियों गुरमुख, संदीप और विवेक के साथ मिलकर मुहब्बत की हत्या कर दी।

बताया गया कि आरोपियों ने कंबल से मुंह दबाकर उसकी हत्या की और बाद में पहचान छिपाने के लिए चेहरे व हाथों को जला दिया। इसके बाद शव को कार में डालकर मवाना खुर्द चौकी के पास फेंक दिया गया।

500 CCTV फुटेज से खुला राज

इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाने के लिए पुलिस ने करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध कार दिखाई देने के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंच सकी। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कार, कंबल और तेजाब की खाली बोतल भी बरामद कर ली है।

बच्चों के पास लौटना चाहती थी मुहब्बत

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मुहब्बत की शादी तुर्कमेनिस्तान में हुई थी और वहां उसके दो बच्चे हैं। वह करीब 15 वर्षों से भारत में रह रही थी। हाल ही में उसने अपनी मां गुलनारा को भारत बुलाया था और उनके साथ तुर्कमेनिस्तान लौटकर बच्चों के पास जाना चाहती थी।

मुहब्बत की मां ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी वापस घर लौटने की तैयारी कर रही थी, लेकिन उससे पहले ही उसकी हत्या कर दी गई।

पहचान ऐसे हुई

शुरुआत में पुलिस को मौके से अर्चिता अरोड़ा नाम का आधार कार्ड मिला था, जिससे मृत महिला की पहचान गलत हो गई थी। बाद में मुहब्बत की सहेली एलीना ने पुलिस को बताया कि आधार कार्ड पर लगी फोटो मुहब्बत की है, लेकिन उसका नाम अर्चिता नहीं है।

इसके बाद एलीना की जानकारी पर उसकी दूसरी परिचित अजीजा मवाना पहुंची और जले हुए शव की तस्वीरें लेकर मुहब्बत की मां को वीडियो कॉल के जरिए दिखाईं। मां ने ईयररिंग और कपड़ों के आधार पर अपनी बेटी की पहचान की।

मानव तस्करी के एंगल की भी जांच

जांच में यह भी सामने आया कि मुहब्बत के पास वैध वीजा नहीं था। ऐसे में पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं वह मानव तस्करी के किसी गिरोह के चंगुल में तो नहीं फंसी थी। इस मामले में तुर्कमेनिस्तान के दूतावास से भी संपर्क किया गया है और पासपोर्ट की पुष्टि कराई जा रही है।

पुलिस का बयान

मेरठ के ग्रामीण एसपी अभिजीत कुमार ने बताया कि मामले में तुर्कमेनिस्तान के दूतावास से पत्राचार किया गया है। साथ ही पासपोर्ट की पुष्टि और डीएनए जांच कराई जाएगी। सभी तथ्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *