• Sat. Mar 7th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

हरदोई में होली मिलने आए दामाद व परिवार पर हमला, ससुरालियों ने की मारपीट

ByParyavaran Vichar

Mar 6, 2026

हरदोई। जिले के सुरसा थाना क्षेत्र के बहरैया गांव में होली के अवसर पर ससुराल मिलने पहुंचे दामाद और उसके परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने दामाद, उसके माता-पिता और भाई पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया तथा उनकी गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से शिकायत की है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार अरवल थाना क्षेत्र के फदुल्लापुर गांव निवासी अतुल कुमार, पुत्र राजेंद्र कुशवाहा, ने सुरसा थाने में दी गई तहरीर में बताया कि 5 मार्च 2026 को सुबह लगभग 10:15 बजे वह अपने भाई और माता-पिता के साथ होली के अवसर पर अपनी ससुराल बहरैया गांव गया था। अतुल का आरोप है कि ससुराल पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिसके बाद उसके सास-ससुर और अन्य परिजनों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से उनकी जमकर पिटाई की, जिससे उन्हें चोटें आईं।

इतना ही नहीं, आरोप है कि मारपीट के दौरान ससुरालियों ने उनकी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया और तोड़फोड़ की। घटना का एक करीब 41 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें मारपीट की झलक दिखाई दे रही है। हालांकि संवाद एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि जब वे घटना की सूचना देने के लिए सुरसा थाने जा रहे थे, तब रास्ते में भी कुछ लोगों ने उन्हें घेरने की कोशिश की। इसके बाद उन्होंने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।

मामले को लेकर सुरसा थानाध्यक्ष सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर और वायरल वीडियो के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में इस मामले को लेकर चर्चा का माहौल है। वहीं पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से पूछताछ कर सच्चाई सामने लाने की कोशिश की जा रही है और दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *