• Tue. Jul 7th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

बदरीनाथ चढ़ावा प्रकरण में BKTC की कार्रवाई, पांच कर्मचारियों को जारी किया नोटिस

ByParyavaran Vichar

Jul 7, 2026

बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले में जांच तेज कर दी गई है। इस मामले में बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने और नियमों का उल्लंघन करने वाले पांच कर्मचारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।

बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि दो जुलाई को थाली भेंट गणना के दौरान चार कर्मचारी अपनी निर्धारित ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। वहीं, गणना कक्ष में एक ऐसा कर्मचारी भी मौजूद मिला, जिसकी वहां कोई ड्यूटी निर्धारित नहीं थी। इन सभी कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उनसे जवाब तलब किया गया है।

उन्होंने बताया कि यात्रा सीजन के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने पर दान और चढ़ावे की गणना प्रत्येक दो दिन में तथा यात्रियों की संख्या कम होने पर तीन दिन के अंतराल में की जाती है। दो जुलाई को हुई गणना के दौरान सामने आई अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

इधर, धर्मस्व विभाग ने भी इस मामले का संज्ञान लिया है। सचिव पर्यटन एवं धर्मस्व धीराज गर्ब्याल ने बताया कि पूरे प्रकरण में बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। मंदिर में चढ़ावे की गणना की व्यवस्था, निगरानी व्यवस्था और सुरक्षा उपायों से संबंधित जानकारी भी तलब की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

चढ़ावा प्रकरण को लेकर जांच लगातार जारी है और प्रशासन का कहना है कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है, तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *