• Thu. Jul 9th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

बदरीनाथ चढ़ावा प्रकरण की हाईकोर्ट के सिटिंग जजों से जांच की मांग, प्रेसवार्ता में भावुक हुए विधायक लखपत सिंह बुटोला

ByParyavaran Vichar

Jul 9, 2026

देहरादून। बदरीनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले को लेकर कांग्रेस विधायक लखपत सिंह बुटोला ने बुधवार को देहरादून में आयोजित प्रेसवार्ता में गहरी चिंता जताई। इस दौरान वह भावुक भी हो गए और मामले की निष्पक्ष जांच के लिए हाईकोर्ट के तीन सिटिंग जजों की विशेष समिति गठित करने की मांग की।

बुटोला ने कहा कि बदरीनाथ धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और चढ़ावे से जुड़ा यह प्रकरण धार्मिक विश्वास को ठेस पहुंचाने वाला है। उनका कहना था कि केवल एक कर्मचारी को निलंबित कर सरकार और बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकती।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा कराई जाने वाली विभागीय या स्थानीय जांच पर भरोसा नहीं किया जा सकता। मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए समयबद्ध और निष्पक्ष जांच हाईकोर्ट के तीन सिटिंग जजों की समिति की निगरानी में कराई जानी चाहिए।

प्रेसवार्ता के दौरान बुटोला ने कहा कि वह उस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं जहां भगवान बदरीविशाल का धाम और हेमकुंड साहिब स्थित है। ऐसे पवित्र स्थल पर चढ़ावे से जुड़ी अनियमितताओं की खबरों से देश-विदेश के श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं।

उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधियों की भी अपनी सरकार में सुनवाई नहीं हो रही है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के दावों के बावजूद प्रदेश के कई क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है।

प्रेसवार्ता में कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, चमोली के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह और विजेंद्र रावत सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *