देहरादून। उत्तराखंड सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत 13 जुलाई को हर्रावाला रेलवे स्टेशन से गुजरात स्थित सोमनाथ धाम के लिए विशेष आस्था ट्रेन संचालित की जाएगी। इस ट्रेन को राज्यपाल और मुख्यमंत्री हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। ट्रेन में 720 श्रद्धालु यात्रा करेंगे।
संस्कृति निदेशालय ने यात्रा की तैयारियों के लिए मुरादाबाद मंडल के मंडलीय रेल प्रबंधक को पत्र भेजकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। संस्कृति विभाग के निदेशक प्रदीप जोशी ने 8 जुलाई को भेजे गए पत्र में बताया कि उत्तर क्षेत्र आईआरसीटीसी, लखनऊ के अनुरोध पर विभाग ने ट्रेन के लिए 9 लाख रुपये की रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपॉजिट भी अग्रिम रूप से जमा कर दी है।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए सुबह का नाश्ता, दोपहर और रात्रि भोजन, पेयजल, चाय-कॉफी, शीतल पेय, छाछ तथा पैक्ड नारियल पानी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही ट्रेन में आवश्यक स्टाफ, नामित अधिकारियों की तैनाती, संपर्क व्यवस्था और हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर निर्धारित ठहराव की भी व्यवस्था की जाएगी।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि हर्रावाला रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के शुभारंभ के अवसर पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री की उपस्थिति प्रस्तावित है। कार्यक्रम के लिए मंच, पंडाल, बैठक व्यवस्था, अतिथियों के स्वागत-सम्मान तथा विशेष रूप से सजी हुई रेलगाड़ी की व्यवस्था करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
