• Tue. Jul 14th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

पर्यावरणप्रेमियों के विरोध के बीच भानियावाला-ऋषिकेश फोरलेन परियोजना के लिए 100 पेड़ों का कटान

ByParyavaran Vichar

Jul 14, 2026

ऋषिकेश। भानियावाला-ऋषिकेश फोरलेन मार्ग निर्माण परियोजना के तहत चार दिन के अंतराल के बाद सोमवार को पेड़ों का कटान दोबारा शुरू हुआ। पर्यावरणप्रेमियों के विरोध की आशंका को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। हल्के विरोध के बीच दिनभर चले अभियान में करीब 100 पेड़ काटे गए।

परियोजना के लिए 19 किलोमीटर क्षेत्र में संरक्षित प्रजाति के तीन हजार से अधिक पेड़ों का कटान प्रस्तावित है। पिछले सप्ताह विरोध प्रदर्शन के चलते वन निगम ने पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था होने तक कटान कार्य रोक दिया था। सोमवार को पुलिस की मौजूदगी में सुबह से देर शाम तक कटान कार्य जारी रहा।

विरोध के दौरान दो पर्यावरणप्रेमियों ने पेड़ कटान रोकने का प्रयास किया। एक व्यक्ति पेड़ से चिपक गया, जबकि दूसरा हाईवे पर बैठ गया। पुलिस ने समझाने के बाद भी विरोध जारी रहने पर दोनों को हिरासत में लेकर शांति भंग के आरोप में चालानी कार्रवाई की। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान कुंदन सिंह बिष्ट और रणविजय सिंह के रूप में हुई।

वन निगम के अधिकारियों के अनुसार, इस माह के अंत तक कटान कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मंगलवार से मजदूरों की संख्या बढ़ाई जाएगी और प्रतिदिन लगभग 200 पेड़ काटने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्तमान में करीब 16 मजदूर, दो जेसीबी और एक हाइड्रा मशीन इस कार्य में लगी हुई हैं।

वन निगम के अनुभाग अधिकारी डी.आर. सेमवाल ने बताया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *