• Wed. Jul 22nd, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

उत्तराखंड में बारिश का असर: केदारनाथ पैदल मार्ग बंद, मसूरी-दून और कर्णप्रयाग-नेनीसेण मार्ग प्रभावित

ByParyavaran Vichar

Jul 22, 2026

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण कई क्षेत्रों में भूस्खलन, बोल्डर गिरने और मलबा आने से सड़क एवं पैदल मार्ग प्रभावित हो गए हैं। केदारनाथ यात्रा मार्ग, मसूरी-देहरादून सड़क और कर्णप्रयाग-नेनीसेण मोटर मार्ग पर आवाजाही बाधित होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

केदारघाटी में मंगलवार रात हुई बारिश के बाद गौरीकुंड से करीब एक किलोमीटर आगे छौड़ी के पास केदारनाथ पैदल मार्ग पर बोल्डर और पत्थर गिरने से रास्ता बंद हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है, जबकि प्रशासन मार्ग को जल्द खोलने के लिए राहत एवं सफाई कार्य में जुटा है।

वहीं, बुधवार सुबह मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास पहाड़ी से भारी मलबा और एक पेड़ गिरने के कारण यातायात करीब दो घंटे तक बाधित रहा। सूचना मिलने पर लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीम दो जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची और मलबा हटाकर मार्ग को दोबारा सुचारु कराया।

हालांकि, पानीवाला बैंड के पास सड़क का एक हिस्सा पहले से क्षतिग्रस्त होने के कारण फिलहाल वाहनों की आवाजाही एक लेन से बारी-बारी कराई जा रही है। लगातार बारिश के चलते क्षेत्र में दोबारा मलबा गिरने की आशंका बनी हुई है। सड़क पर फैली कीचड़ के कारण दोपहिया वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

इधर, चमोली जिले में कर्णप्रयाग-नेनीसेण मोटर मार्ग भी आईटीआई के पास पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण बंद हो गया है। मार्ग बंद होने से लोगों को वैकल्पिक रूप से सिमली-डिम्मर मोटर मार्ग का उपयोग करना पड़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest Post