• Tue. Jul 28th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

उत्तराखंड में स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा, सीएम धामी ने 11 स्वच्छ ईंधन आधारित वाहनों को किया रवाना

ByParyavaran Vichar

Jul 28, 2026

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड स्वच्छ गतिशीलता परिवर्तन नीति-2024 के अंतर्गत स्वच्छ ईंधन आधारित 11 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर छह प्राथमिक लाभार्थी वाहन स्वामियों को पूंजीगत अनुदान एवं प्रोत्साहन राशि के सब्सिडी चेक भी वितरित किए गए। परिवहन विभाग ने बताया कि पांच अन्य लाभार्थियों की सब्सिडी और स्वीकृति प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य को आधुनिक, स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन प्रणाली की ओर ले जाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस पहल से शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ ईंधन आधारित सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे डीजल वाहनों से होने वाले प्रदूषण में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौती का सामना कर रही है। ऐसे में विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। विकास तभी सार्थक माना जाएगा, जब वह प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करे।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरित ऊर्जा और सतत विकास के क्षेत्र में भारत की बढ़ती भूमिका का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2070 तक नेट-जीरो उत्सर्जन का लक्ष्य, ‘लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट (LiFE)’ अभियान, पीएम ई-बस सेवा और सौर सहित अन्य अक्षय ऊर्जा स्रोतों के विस्तार जैसे प्रयास पर्यावरण संरक्षण के प्रति देश की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

 

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *