• Tue. Jul 28th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

फ्लैश फ्लड की चेतावनी; चार जिलों में स्कूल बंद

ByParyavaran Vichar

Jul 28, 2026

देहरादून, 28 जुलाई 2026:
उत्तराखंड में मानसून के दोबारा सक्रिय होने के साथ मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल के कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, निजी और अशासकीय विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कई जिलों के लिए फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) का भी अलर्ट जारी किया है। अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चम्पावत, देहरादून, पौड़ी, टिहरी, नैनीताल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के दौरान अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है। लगातार वर्षा के कारण छोटे नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने, निचले इलाकों में जलभराव और संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका भी जताई गई है।

आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों से दूर रहने और मौसम संबंधी आधिकारिक अपडेट पर लगातार नजर रखने की अपील की है। चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी मौसम और सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।

इस बीच, सोमवार शाम हुई बारिश से देहरादून सहित कई मैदानी क्षेत्रों में उमस से राहत मिली। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 2 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *