• Sat. Aug 8th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

राजस्व एवं कर निरीक्षक भर्ती: आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, लोअर पीसीएस के शेष अभ्यर्थियों के इंटरव्यू 31 अगस्त से

ByParyavaran Vichar

Aug 8, 2026

देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने शहरी विकास विभाग में राजस्व एवं कर निरीक्षक के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि चार अगस्त निर्धारित थी, लेकिन प्रदेश के पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण नेटवर्क संबंधी समस्याओं को देखते हुए आयोग ने अभ्यर्थियों को राहत दी है।

आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय के अनुसार, अब अभ्यर्थी 18 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन और शुल्क जमा कर सकेंगे। इसके लिए आठ अगस्त से 18 अगस्त तक आवेदन विंडो दोबारा खोल दी गई है। आवेदन में सुधार (करेक्शन) का अवसर 25 अगस्त 2026 से उपलब्ध होगा।

आयोग ने यह निर्णय उन अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया है, जो खराब मौसम और नेटवर्क की समस्या के कारण निर्धारित समय में आवेदन नहीं कर पाए थे।

लोअर पीसीएस के 65 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू 31 अगस्त से

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने लोअर पीसीएस मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के साक्षात्कार की प्रक्रिया भी जारी रखी है। मुख्य परीक्षा पास करने वाले 328 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू 27 जुलाई से शुरू किए गए थे।

अब शेष 65 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू 31 अगस्त से तीन सितंबर 2026 के बीच आयोजित किए जाएंगे।

आयोग ने दस्तावेजों से संबंधित मामलों में भी कार्रवाई की है। सही दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा पाने वाले तीन अभ्यर्थियों को अनर्ह घोषित किया गया है और उन्हें 16 अगस्त तक प्रत्यावेदन का अवसर दिया गया है। वहीं, पहले से अनर्ह घोषित 10 अभ्यर्थियों ने निर्धारित समय में प्रत्यावेदन नहीं दिया, जिसके चलते उन्हें लोअर पीसीएस भर्ती प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *