• Tue. Aug 25th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू की दस्तक: 22 दिनों में 31 संक्रमित, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

ByParyavaran Vichar

Aug 25, 2026

देहरादून। दिल्ली, कर्नाटक, महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा और केरल के बाद अब उत्तराखंड में भी स्वाइन फ्लू यानी इंफ्लुएंजा एच1एन1 के मामले सामने आए हैं। अगस्त में अब तक प्रदेश में 31 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए अस्पतालों में व्यवस्थाएं मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।

देहरादून में सबसे ज्यादा मरीज

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, संक्रमित 31 मरीजों में अधिकतर देहरादून के रहने वाले हैं। मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है और जिला स्तर पर अस्पतालों को अलर्ट किया गया है।

राज्य सर्विलांस अधिकारी डॉ. पंकज ने बताया कि सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (CMO) को अस्पतालों में जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकारी और निजी अस्पतालों के साथ मेडिकल कॉलेजों में भी स्क्रीनिंग बढ़ाने को कहा गया है।

शुरुआती लक्षण दिखते ही जांच

स्वास्थ्य विभाग के निर्देश के अनुसार, मरीज में स्वाइन फ्लू के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर आवश्यक जांच सुनिश्चित की जा रही है। विभाग इलाज से संबंधित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) भी तैयार कर रहा है, ताकि संक्रमित मरीजों के उपचार और प्रबंधन को लेकर अस्पतालों में एक समान व्यवस्था लागू की जा सके।

सभी जिलों में रैपिड रिस्पॉन्स टीम सक्रिय

स्वाइन फ्लू के मामलों पर एकीकृत रोग निगरानी परियोजना (IDSP) के तहत लगातार नजर रखी जा रही है। संक्रमण की निगरानी के लिए सभी जिलों में रैपिड रिस्पॉन्स टीम (RRT) को सक्रिय कर दिया गया है।

किसी क्षेत्र में चार से अधिक मामले सामने आने पर संबंधित टीम मौके पर पहुंचकर स्क्रीनिंग करेगी। टीम में कुल चार स्वास्थ्यकर्मी शामिल होंगे, जिनमें एक फिजिशियन, एक विशेषज्ञ और दो अन्य स्वास्थ्यकर्मी होंगे।

अस्पतालों को अलर्ट रहने के निर्देश

स्वास्थ्य विभाग ने सरकारी और निजी अस्पतालों को संदिग्ध मरीजों की पहचान, स्क्रीनिंग और उपचार को लेकर सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। विभाग का कहना है कि संक्रमण के मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जाएगा।

अगस्त में 31 मामलों की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से भी सतर्क रहने और फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर समय रहते चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *