• Thu. Aug 27th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

रुड़की डबल मर्डर: बहनों के चरित्र पर शक और सामाजिक बदनामी के चलते भाई ने रची हत्या की साजिश

ByParyavaran Vichar

Aug 27, 2026

रुड़की: रुड़की में दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी भाई विवेक उर्फ विक्की ने बहनों के चरित्र पर शक और परिवार की सामाजिक बदनामी से परेशान होकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने गंगनहर कोतवाली में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि चुड़ियाला निवासी विवेक ने मंगलवार रात अपनी दो शादीशुदा बहनों संगीता और पुष्पा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस दौरान उसने अपने जीजा संदीप पर भी गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गए। संदीप का एम्स ऋषिकेश में इलाज चल रहा है।

मंदिर के पास से आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने विवेक को चुड़ियाला स्थित मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा, छह कारतूस के खोखे और बाइक बरामद की गई है। मृतका संगीता के बेटे अर्जुन सिंह की तहरीर पर हत्या और हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

बदनामी और टूटा रिश्ता बताया वजह

पुलिस पूछताछ में विवेक ने कथित तौर पर बताया कि वह अपनी बहनों के चरित्र को लेकर शक करता था और परिवार की समाज में हो रही बदनामी से परेशान था। उसका कहना था कि उसे लोगों के ताने सुनने पड़ते थे, जिससे वह मानसिक तनाव में था।

पुलिस के अनुसार, विवेक ने यह भी बताया कि परिवार की बदनामी के कारण उसकी शादी में परेशानी आ रही थी और करीब एक महीने पहले उसका रिश्ता भी टूट गया था। इसके बाद उसने दोनों बहनों की हत्या की साजिश रचनी शुरू कर दी और मुजफ्फरनगर से तमंचा खरीदा।

कई दिनों तक की रैकी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने वारदात को अचानक अंजाम नहीं दिया। उसने कई दिनों तक रैकी करने के बाद दोनों बहनों की हत्या की। पुलिस अब घटना के पीछे बताए जा रहे अन्य कारणों की भी जांच कर रही है।

एसएसपी ने बताया कि पूछताछ में विवेक ने संपत्ति विवाद की बात भी कही है। इस पहलू को लेकर परिवार के लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही संपत्ति विवाद की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *