• Wed. Sep 9th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

उत्तराखंड में सरकारी नौकरी का मौका: समूह-ग की सात भर्तियों का संशोधित कैलेंडर जारी, 101 पदों पर भर्ती

ByParyavaran Vichar

Sep 9, 2026

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने समूह-ग की सात भर्तियों का संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी किया है। अभ्यर्थियों के अनुरोध को देखते हुए आयोग ने कई परीक्षाओं की तारीखों में बदलाव किया है।

आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार पशुधन प्रसार अधिकारी, सर्वेक्षक और साहसिक खेल अधिकारी की परीक्षा अब 20 सितंबर के बजाय 18 अक्तूबर को होगी। वहीं कैमरामैन और प्राविधिक सहायक इतिहास की परीक्षा 18 अक्तूबर के स्थान पर 20 सितंबर को आयोजित की जाएगी।

सहायक लेखाकार की परीक्षा की तारीख भी बदली गई है। अब यह परीक्षा 4 अक्तूबर के बजाय 1 नवंबर को होगी। वहीं वैयक्तिक सहायक की परीक्षा 1 नवंबर के बजाय 20 दिसंबर को आयोजित की जाएगी।

विज्ञान इंटर और स्नातक स्तर के पदों के लिए परीक्षा 17 जनवरी को ही प्रस्तावित है। आयोग ने बताया कि पिछले कैलेंडर में इस परीक्षा का वर्ष गलती से 2026 प्रकाशित हो गया था, जिसे संशोधित कर 2027 किया गया है।

101 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी

आयोग ने वैयक्तिक सहायक, आशुलिपिक, आशुलिपिक ग्रेड-2, स्टेनोग्राफर सहित अन्य समूह-ग के 101 पदों पर भर्ती का विज्ञापन भी जारी कर दिया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 14 सितंबर से 14 अक्तूबर तक किए जा सकेंगे। आवेदन में सुधार का अवसर 17 से 19 अक्तूबर तक मिलेगा। लिखित परीक्षा की संभावित तिथि 20 दिसंबर निर्धारित की गई है।

भर्ती राज्य के 19 अलग-अलग विभागों में होगी। इनमें आवास विभाग में 22 वैयक्तिक सहायक, आयुक्त कुमाऊं मंडल में 16 और वन निगम में 10 पद शामिल हैं।

योग्यता और शुल्क

वैयक्तिक सहायक पद के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 42 वर्ष के बीच होनी चाहिए। 12वीं पास होने के साथ 80 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग गति जरूरी है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।

आशुलिपिक पद के लिए 12वीं पास होना जरूरी है। साथ ही हिंदी और अंग्रेजी आशुलेखन में कम से कम 80 शब्द प्रति मिनट तथा टाइपिंग में 40 शब्द प्रति मिनट की गति आवश्यक है।

आवेदन शुल्क सामान्य और ओबीसी वर्ग के लिए 300 रुपये, जबकि एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 150 रुपये निर्धारित किया गया है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *