रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर चीरबासा हेलीपैड के समीप पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने के कारण पैदल मार्ग अवरुद्ध हो गया है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गौरीकुंड से केदारनाथ धाम की ओर जाने वाले यात्रियों की आवाजाही फिलहाल रोक दी गई है।
मलबा आने की सूचना के बाद जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की टीमें मौके पर पहुंचीं और मार्ग से मलबा व पत्थर हटाने का काम शुरू कर दिया। यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह राजवार ने बताया कि मार्ग को सुरक्षित और सामान्य बनाने के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं। मार्ग की स्थिति पूरी तरह सामान्य होने के बाद ही यात्रियों को आगे जाने की अनुमति दी जाएगी।
प्रशासन और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र संबंधित टीमों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए हैं। मार्ग सुचारू होने और केदारनाथ यात्रा दोबारा शुरू किए जाने के संबंध में प्रशासन की ओर से अलग से सूचना जारी की जाएगी।
