• Sun. Sep 20th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

यमुनोत्री धाम में अब भी कूड़े के ढेर, डीएम के आदेश के बावजूद नहीं हुई सफाई

ByParyavaran Vichar

Sep 19, 2026

बड़कोट। यमुनोत्री धाम में सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासन के निर्देशों के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। यमुना नदी के तट पर सफाई अभियान के दौरान एकत्र किए गए कूड़े से भरे कट्टे अब भी पड़े हुए हैं।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने हाल ही में स्थलीय निरीक्षण के दौरान संबंधित जिला पंचायत और सुलभ इंटरनेशनल को कूड़ा हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद कूड़े का निस्तारण नहीं होने से प्रशासन के आदेशों के अनुपालन पर सवाल उठ रहे हैं।

बताया गया है कि यमुना नदी की स्वच्छता को लेकर पहले भी कई बार सफाई अभियान चलाए गए थे। इन अभियानों में नदी से निकाला गया कूड़ा नदी किनारे कट्टों में भरकर रख दिया गया, लेकिन बरसात से पहले रखे गए ये कट्टे अब तक नहीं हटाए गए हैं।

पुल के पास यमुनोत्री मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते और नदी किनारे पड़े कूड़े के ढेर श्रद्धालुओं को दिखाई दे रहे हैं। इससे धाम की सुंदरता प्रभावित होने के साथ-साथ यमुना नदी की स्वच्छता और पवित्रता को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। नदी किनारे स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी हो रही है।

यमुनोत्री मंदिर समिति के प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल, पंच पाड़ा समिति के सचिव गिरीश उनियाल समेत स्थानीय लोगों ने कूड़ा न हटाए जाने को गंभीर मामला बताया। उन्होंने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर कूड़े का तत्काल निस्तारण कराने और संबंधित विभागों से निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *