• Mon. Nov 16th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

ऑनलाइन ऑटो बुक करना पड़ा महंगा, छात्रा का आठ लाख का सामान लेकर भागा चालक

ByParyavaran Vichar

Nov 16, 2026

देहरादून। ऑनलाइन परिवहन सेवा के माध्यम से बुक किए गए ऑटो में सफर करने की तैयारी कर रही बीटेक की एक छात्रा को उस समय बड़ा नुकसान उठाना पड़ा, जब चालक उसका सामान लेकर फरार हो गया। दीपावली पर दिल्ली जाने के लिए छात्रा ने खरीदारी के बाद अपना सामान ऑटो में रखा था, लेकिन कमरे का ताला लगाने के दौरान चालक सूटकेस और लैपटॉप लेकर गायब हो गया। मामले में कार्रवाई करते हुए प्रेमनगर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"

पुलिस ने उसके कब्जे से करीब आठ लाख रुपये के गहने, नकदी और अन्य सामान बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता आस्तिका मूल रूप से नैनीताल की रहने वाली हैं और वर्तमान में देहरादून के डूंगा क्षेत्र में पीजी में रहकर एक विश्वविद्यालय से बीटेक की पढ़ाई कर रही हैं। दीपावली के अवसर पर उन्हें अपने माता-पिता के पास दिल्ली जाना था। इसके लिए उन्होंने काफी खरीदारी की थी और यात्रा के लिए अपना सामान तैयार कर लिया था।

सामान लेकर ऑटो चालक हुआ फरार

स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ

छात्रा ने सात नवंबर को पीजी से रेलवे स्टेशन जाने के लिए ऑनलाइन रैपिडो ऑटो बुक किया था। बुकिंग के कुछ समय बाद चालक ने फोन कर उनकी लोकेशन पूछी और फिर ऑटो लेकर निर्धारित स्थान पर पहुंच गया। छात्रा ने रेलवे स्टेशन जाने के लिए अपना सूटकेस और लैपटॉप ऑटो में रख दिया। इसके बाद वह कमरे का ताला लगाने के लिए वापस चली गईं। इसी दौरान चालक ने मौके का फायदा उठाया और सामान लेकर ऑटो समेत फरार हो गया। जब छात्रा वापस पहुंचीं तो ऑटो और चालक दोनों वहां से गायब थे। उन्होंने रैपिडो एप पर बुकिंग की जानकारी देखी तो पता चला कि चालक ने राइड भी रद्द कर दी थी। इसके बाद छात्रा ने प्रेमनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

सूटकेस में रखे थे लाखों के गहने और नकदी

शिकायत के मुताबिक, चोरी हुए सामान में सोने की मटरमाला, चांदी की पायल, चांदी की अंगूठी, हेडफोन और मोबाइल फोन शामिल थे। इसके अलावा सूटकेस में 20 हजार रुपये नकद, चांदी का गिलास, एक थाली, दो कटोरियां, महंगी साड़ियां, चुनरी और कॉस्मेटिक का सामान भी रखा हुआ था। छात्रा के अनुसार, चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब आठ लाख रुपये थी।

झाझरा में चेकिंग के दौरान आरोपी गिरफ्तार

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। शनिवार रात झाझरा चौकी प्रभारी प्रद्युम्न नेगी और पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान कमलेश कुमार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव का निवासी है और वर्तमान में सेलाकुई के जमनपुर क्षेत्र में किराये पर रह रहा था।

नशे की लत के लिए चोरी करने की बात कबूली

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, वह रविवार को चोरी किए गए गहनों को बेचने की तैयारी कर रहा था। इससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *