• Mon. Feb 16th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

देहरादून में दो बड़ी वारदातें: दून अस्पताल गेट पर चली गोली, आराघर में कार सवारों ने तीन पुलिसकर्मियों को रौंदा

ByParyavaran Vichar

Oct 22, 2025

देहरादून | राजधानी देहरादून में रविवार तड़के दो अलग-अलग घटनाओं से हड़कंप मच गया। पहली घटना में दून अस्पताल के गेट नंबर पांच के पास एक युवक को गोली लगने से गंभीर चोटें आईं, जबकि दूसरी घटना में आराघर टी जंक्शन के पास वाहन जांच के दौरान तेज रफ्तार कार ने तीन पुलिसकर्मियों को रौंद दिया

दून अस्पताल के बाहर गोलीकांड

पुलिस के अनुसार, उत्तरकाशी निवासी दिशांत सिंह राणा को रविवार तड़के गोली मार दी गई। गोली उनके पेट में लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दिशांत का देहरादून निवासी काव्यांश धामा से उधारी के पैसों को लेकर विवाद चल रहा था।

शनिवार देर रात राजपुर थानाक्षेत्र की कैनाल रोड पर काव्यांश की कैंटीन में दोनों के बीच झगड़ा और मारपीट हुई। इसके बाद दोनों पक्ष मेडिकल कराने दून अस्पताल पहुंचे। रविवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे दिशांत जब घर लौटने लगा, तभी काव्यांश धामा और उसके साथियों ने बाहर उसे घेर लिया और फायरिंग कर दी

गोली की आवाज सुनते ही अफरातफरी मच गई। दिशांत को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने काव्यांश धामा, वासु, विशाल, रोहन और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं।

आराघर में पुलिसकर्मियों को रौंदा

दूसरी घटना डालनवाला थाना क्षेत्र के आराघर टी जंक्शन की है, जहां वाहनों की जांच कर रही पुलिस टीम पर एक तेज रफ्तार कार चढ़ गई। हादसे में तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एंबुलेंस से दून अस्पताल लाया गया और बाद में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने बताया कि घटना रविवार तड़के करीब चार बजे की है। त्योहारों के मद्देनजर चल रहे वाहन चेकिंग अभियान के दौरान मंडी की ओर से आ रही एक कार को रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन चालक ने रोकने के बजाय सीधे पुलिसकर्मियों पर कार चढ़ा दी

पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पहचान मोहम्मद उमर उर्फ ताहिर, निवासी ईसी रोड, डालनवाला के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

इन दोनों घटनाओं के बाद शहर में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस दोनों मामलों में जांच में जुटी हुई है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *