• Mon. Feb 16th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

सजा केदारनाथ धाम, आज शीतकाल के लिए बंद होंगे मंदिर के कपाट, सभामंडप में विराजमान हुई डोली

ByParyavaran Vichar

Oct 23, 2025

रुद्रप्रयाग। पवित्र केदारनाथ धाम में आज बृहस्पतिवार को सुबह 8:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के साथ भगवान केदार के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। बुधवार को मंदिर के भंडारगृह से भगवान के चल विग्रह पंचमुखी डोली को विशेष पूजाओं के बाद सभामंडप में विराजमान किया गया।

कपाट बंद होने की प्रक्रिया आज तड़के चार बजे से विशेष पूजाओं के साथ प्रारंभ होगी। कपाट बंद होने के बाद बाबा की पंचमुखी डोली अपने रात्रि प्रवास के पहले पड़ाव रामपुर के लिए प्रस्थान करेगी।

इस अवसर पर केदारसभा के अध्यक्ष पंडित राजकुमार तिवारी, मंत्री पंडित अंकित प्रसाद सेमवाल, धर्माधिकारी ओंकार शुक्ला, पुजारी बागेश लिंग, आचार्य संजय तिवारी और अखिलेश शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
डीएम प्रतीक जैन ने बताया कि कपाट बंद होने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा और व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं।

17.39 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

इस वर्ष केदारनाथ यात्रा में 17.39 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया। बुधवार को भी ठंड के बावजूद पांच हजार से अधिक श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। दोपहर बाद धाम में कोहरा छा गया, जिससे तीर्थयात्री शाम को अपने कमरों में चले गए।

सांसद अनिल बलूनी और गढ़वाल आयुक्त ने किए दर्शन

गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने बुधवार को परिवार संग बाबा केदार की विशेष पूजा में भाग लिया और जलाभिषेक कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने कपाट बंद होने की तैयारियों का भी निरीक्षण किया।
इसी प्रकार गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने भी परिवार सहित बाबा केदार के दर्शन किए और अभिषेक कर मनौतियां मांगीं।

 

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *