• Sun. Feb 15th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

छात्रा को सांसों की मोहताज बनाने वाली कार का पता चला, युवती अब भी कोमा में – हुआ ब्रेन ऑपरेशन

ByParyavaran Vichar

Oct 30, 2025

देहरादून  । देहरादून  में 19 वर्षीय छात्रा को टक्कर मारकर फरार हुई कार की पहचान हो गई है। यह कार रुड़की की बताई जा रही है। पटेल नगर थाना क्षेत्र में इस मामले में हिट एंड रन का मुकदमा दर्ज है। घायल छात्रा अभी भी कोमा में है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

सरोवर होटल के पास 23 अक्तूबर को उत्तरांचल यूनिवर्सिटी की एलएलबी प्रथम वर्ष की छात्रा प्रज्ञा सिंह को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया था। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस की तफ्तीश में अब उस कार का सुराग मिल गया है, जो रुड़की की निकली है।

पटेल नगर थाना प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि हादसे के दौरान प्रज्ञा के साथ उसका 13 वर्षीय छोटा भाई भी मौजूद था। हादसा शाम चार से सवा चार बजे के बीच हुआ। बच्चे ने पुलिस को बताया कि काले रंग की बड़ी कार ने बहन को टक्कर मारी थी।

इस आधार पर पुलिस ने कारगी चौक क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें सात काली गाड़ियां नजर आईं। जांच के बाद असली कार की पहचान हो गई, जो रुड़की में मिली है। पुलिस को जानकारी मिली है कि दुर्घटना के समय कार कोई बुजुर्ग व्यक्ति चला रहा था। अब उसकी पहचान कर कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

छात्रा की हालत गंभीर, हुआ ब्रेन ऑपरेशन

दुर्घटना के बाद से प्रज्ञा आईसीयू में कोमा में है। पांच दिन से होश नहीं आने और आंतरिक रक्तस्राव बढ़ने के कारण बुधवार को उसका ब्रेन ऑपरेशन किया गया। डॉक्टरों के अनुसार अगले 48 घंटे बेहद नाजुक हैं।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

प्रज्ञा की मां आशा सिंह ने बताया कि साल 2013 में उनके पति की दिल्ली में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद वह अपने तीनों बच्चों के साथ वर्ष 2015 में देहरादून आ गईं, ताकि नई शुरुआत कर सकें।

आशा सिंह के अनुसार, प्रज्ञा उनकी सबसे बड़ी बेटी है और परिवार की मुख्य जिम्मेदारी उसने ही संभाल रखी थी। वह पढ़ाई में भी बहुत अच्छी थी और मां का सहारा थी। अब उसकी हालत देखकर मां का दिल टूट चुका है। वह अस्पताल में बेटी की जिंदगी के लिए दुआएं मांग रही हैं। घर में 13 वर्षीय बेटा अकेला है, जबकि बड़ा बेटा हॉस्टल में रहता है।

 

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *