• Sat. Feb 14th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

15 घंटे से तालाब में तड़प रहा घायल हाथी, रेस्क्यू टीम नहीं पहुंची; ट्रेन की चपेट में आया था नर हाथी

ByParyavaran Vichar

Nov 1, 2025

गूलरभोज  ।   गूलरभोज  से लालकुआं जा रही ओएमसी स्पेशल ट्रेन की चपेट में आने से एक नर हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को 15 घंटे बीत जाने के बाद भी रेस्क्यू टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे हाथी तालाब में तड़पता रहा।

घटना का विवरण

यह हादसा शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे हुआ, जब ओएमसी स्पेशल ट्रेन गूलरभोज से लालकुआं की ओर जा रही थी। ट्रेन की रफ्तार इतनी तेज थी कि हाथी टकराने के बाद कुछ दूरी तक घिसट गया और पास के पानी भरे तालाब में गिर गया।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने रात में ही मौके पर पहुंचकर घायल हाथी को दर्द निवारक दवा दी।
शनिवार सुबह से पीपलपड़ाव और टांडा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी भी घटनास्थल पर डटे हुए हैं, लेकिन रेस्क्यू दल दोपहर 11:30 बजे तक नहीं पहुंच सका था।

हाथी की हालत नाजुक, दोनों पैर क्षतिग्रस्त

वन क्षेत्राधिकारी पी.सी. जोशी ने बताया कि हाथी के दोनों पिछले पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे वह खड़ा नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने बताया कि आगरा रेस्क्यू सेंटर से निरंतर संपर्क में हैं और उनके निर्देशानुसार ही उपचार की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

गति सीमा का उल्लंघन, पुरानी घटना की याद ताजा

टांडा रेंज के रेंजर रूपनारायण गौतम ने बताया कि यह घटना रेलवे ट्रैक के किलोमीटर संख्या 16/8 के पास हुई है।
घटनास्थल से महज 50 मीटर आगे 30 किमी/घंटा गति सीमा का बोर्ड लगा है, जो करीब साढ़े तीन साल पहले एक हथिनी और उसके बच्चे की ट्रेन से मौत के बाद लगाया गया था।
इसके बावजूद ट्रेन की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे यह हादसा हुआ।

स्थानीय लोग कर रहे मदद की कोशिश

हाथी के तालाब में फंसे होने की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण और वनकर्मी लगातार उसकी देखरेख और पानी से बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। ग्रामीणों ने रेस्क्यू टीम की देरी पर नाराजगी जताई और समय पर राहत कार्य शुरू करने की मांग की।

 

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *