• Sat. Feb 14th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव : 20 नवंबर को मतदान, ग्राम पंचायतों के 33,114 पद खाली

ByParyavaran Vichar

Nov 11, 2025

देहरादून।उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायतों के रिक्त पदों पर उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को अधिसूचना जारी करते हुए मतदान की तारीख 20 नवंबर निर्धारित की है। मतदान सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक होगा। इन उपचुनावों में हरिद्वार जिले को छोड़कर राज्य के सभी जिलों की ग्राम पंचायतों में खाली पदों पर मतदान कराया जाएगा।

राज्य में इस समय ग्राम पंचायत सदस्यों के 33,114, ग्राम प्रधानों के 22, जिला पंचायत सदस्य का एक और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के दो पद खाली हैं। इन उपचुनावों के पूरा होने के बाद कुल 4,843 ग्राम पंचायतों का गठन किया जाएगा।

राज्य निर्वाचन आयोग ने बताया कि सदस्य ग्राम पंचायत, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों के लिए नामांकन पत्र 11 से 13 नवंबर तक संबंधित विकासखंड मुख्यालयों से उपलब्ध होंगे, जबकि जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन पत्र जिला मुख्यालय से मिलेंगे।

नामांकन पत्रों की जमा तिथि 13 और 14 नवंबर तय की गई है। ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों के नामांकन ब्लॉक मुख्यालयों में, जबकि जिला पंचायत सदस्य पद के नामांकन जिला मुख्यालय में जमा होंगे।

राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने बताया कि चुनाव को लेकर सभी जिलों में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारियों और जिला पंचायत राज अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर चुनावी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। आयोग ने निर्देश दिए हैं कि नामांकन प्रक्रिया, मतदान केंद्रों की तैयारी और पोलिंग पार्टियों की तैनाती समय से सुनिश्चित की जाए, ताकि उपचुनाव शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सकें।

 

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *