• Sun. Mar 22nd, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

सेलाकुई में फूड सप्लीमेंट कंपनी पर जीएसटी का छापा

ByParyavaran Vichar

Nov 15, 2025

देहरादून। राज्य कर विभाग की विशेष अन्वेषण शाखा (एसटीएफ) ने शुक्रवार को देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में स्थित एक फूड सप्लीमेंट निर्माता कंपनी पर छापा मारकर करीब पांच करोड़ रुपये की कर चोरी का बड़ा मामला उजागर किया। छापेमारी के दौरान कंपनी के कार्यालय और गोदाम दोनों जगहों से महत्वपूर्ण दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक डेटा, ई-वे बिल और खरीद-बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड जब्त किए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कंपनी के खरीद और बिक्री रिकॉर्ड में भारी विसंगतियां हैं तथा कई ई-वे बिल ऐसे वाहनों के नाम पर जारी किए गए थे जो किसी भी टोल प्लाजा से गुजरे ही नहीं।

राज्य कर आयुक्त सोनिका के निर्देश पर आयुक्त पीएस डुंगरियाल और अपर आयुक्त गढ़वाल अजय कुमार की देखरेख में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने सुबह से शुरू हुई इस कार्रवाई के दौरान कंपनी की वित्तीय गतिविधियों और लेन-देन की गहराई से छानबीन की। जांच के दबाव में कंपनी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए मौके पर ही 1.75 करोड़ रुपये की टैक्स राशि जमा करा दी।

उपायुक्त सुरेश कुमार के अनुसार, कंपनी से बरामद किए गए दस्तावेजों की विस्तृत और तकनीकी जांच जारी है, जिससे कर चोरी की वास्तविक मात्रा और जुड़े अन्य पक्षों का पता लगाया जा सके। उन्होंने बताया कि खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड में जो अंतर सामने आया है, वह गंभीर अनियमितता की ओर संकेत करता है और इस पर आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरी कार्रवाई में टीआर चन्याल, अलीशा बिष्ट, असद अहमद, कंचन थापा और अनुराग पाठक भी शामिल रहे। विभाग का मानना है कि इस छापेमारी से क्षेत्र में टैक्स अनुपालन को लेकर एक स्पष्ट संदेश जाएगा और भविष्य में इस तरह की अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लग सकेगी।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *