• Sun. Mar 22nd, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

एप के जरिए हेरोइन खरीदकर विद्यार्थियों को सप्लाई करने वाला तस्कर गिरफ्तार

ByParyavaran Vichar

Nov 15, 2025

देहरादून।देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में कॉलेज विद्यार्थियों को निशाना बनाकर हेरोइन सप्लाई करने वाले एक तस्कर को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने डोईवाला पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी राहुल (30), मूल रूप से बिजनौर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है और काफी समय से नशा तस्करी में सक्रिय था।

एसटीएफ के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार आरोपी मोबाइल एप के माध्यम से बरेली के राशिद नामक सप्लायर से हेरोइन खरीदता था। इसके बाद वह इस नशे को छोटी-छोटी मात्रा में बांटकर देहरादून, खासकर कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को बेचता था, जिससे उसे मोटा मुनाफा मिलता था। गुरुवार को चलाए गए इस अभियान में आरोपी के पास से 105 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पिछले कई महीनों से देहरादून में सक्रिय था और युवाओं को सस्ते दामों में नशा उपलब्ध कराकर अपना गिरोह बढ़ाने की कोशिश कर रहा था। उसकी गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ उसकी सप्लाई चेन, संपर्क सूत्रों और मोबाइल एप के माध्यम से होने वाले लेन-देन की जानकारी खंगाल रही है। टीम यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने अब तक कितने युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेल दिया।

एसटीएफ का यह अभियान नशा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है, जिससे शहर में नशे के नेटवर्क पर निर्णायक प्रहार हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि तस्कर के सहयोगियों व सप्लायर राशिद तक पहुंचने के लिए आगे की कार्रवाई तेज कर दी गई है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *