• Tue. Feb 24th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

मोर्चरी में शव को चूहों ने कुतरा, परिजनों का स्वास्थ्य विभाग पर हंगामा

ByParyavaran Vichar

Dec 6, 2025

हरिद्वार।हरिद्वार जिला अस्पताल की मोर्चरी में शुक्रवार रात से रखे शव को चूहों ने कुतर देने की घटना ने स्वास्थ्य विभाग की सुरक्षा और सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पंजाबी धर्मशाला के मैनेजर लखन शर्मा उर्फ लकी (36) की अचानक हृदयगति रुकने से मौत हो गई थी। परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी लेकर आए, लेकिन रात में प्रक्रिया न होने के कारण पोस्टमार्टम अगले दिन सुबह के लिए टाल दिया गया।

शनिवार सुबह जब परिजन पोस्टमार्टम कराने पहुंचे, तो उन्होंने शव के चेहरे, सिर और एक आंख पर गहरे घाव देखे। आसपास चूहे दौड़ते देख परिवार ने तुरंत समझ लिया कि रात में शव को चूहों ने कुतर डाला है। इस दृश्य को देखकर परिजन और धर्मशाला के लोग आगबबूला हो गए और हंगामा खड़ा कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस नेता भी अस्पताल पहुंचे और मोर्चरी के बाहर स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ उग्र नारेबाजी की। परिजनों का आरोप था कि मोर्चरी की सुरक्षा और सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है, जिससे शव तक सुरक्षित नहीं रह सका।

हंगामे के दौरान स्वास्थ्य विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे परिजनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा और बढ़ गया। उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई करने, मोर्चरी व्यवस्था की जांच कराने और जिम्मेदार कर्मचारियों के निलंबन की मांग की।

इस घटना ने अस्पताल की मोर्चरी व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है और राज्य में स्वास्थ्य विभाग की जवाबदेही पर सवाल खड़ा कर दिया है। राजनीतिक और सामाजिक विश्लेषक इसे सरकारी व्यवस्थाओं में गंभीर लापरवाही का उदाहरण मान रहे हैं।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *