• Sat. Feb 21st, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

ख्यार्शी वार्ड के गांवों में शादी और मांगलिक कार्यक्रमों में शराब व देर रात डीजे पर प्रतिबंध

ByParyavaran Vichar

Dec 29, 2025

थत्यूड़ (टिहरी)। ख्यार्शी जिला पंचायत वार्ड के अंतर्गत आने वाले गांवों में शादी-समारोह और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों को शराब मुक्त करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही रात 12 बजे के बाद डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

यह निर्णय जौनपुर ब्लॉक के राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) क्यारी में आयोजित बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य ख्यार्शी सविता देवी और सेवानिवृत्त उप शिक्षा निदेशक चेतन प्रसाद नौटियाल ने की। बैठक में जिला पंचायत वार्ड 13 के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जिला पंचायत सदस्य सविता देवी ने कहा कि शादी-समारोहों में कॉकटेल पार्टियों के कारण लोगों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ता है और समाज की छवि भी खराब होती है। उन्होंने सभी प्रकार के मांगलिक कार्यक्रमों में शराब के प्रचलन को पूरी तरह समाप्त करने की आवश्यकता पर जोर दिया, जिस पर सभी ने सहमति जताई।

सेवानिवृत्त उप शिक्षा निदेशक चेतन प्रसाद नौटियाल ने कहा कि डीजे की तेज आवाज से बीमार लोगों, बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी होती है। इसलिए डीजे बजाने का समय रात 12 बजे तक ही सीमित किया जाए। इसके अलावा शादी के निमंत्रण पत्रों में मेहंदी कार्यक्रम के लिए अलग से आमंत्रण पर भी प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। शगुन के रूप में नकद धनराशि लिखने की अनुमति रहेगी, लेकिन जो परिवार बैठक में पारित प्रस्तावों का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में ग्राम प्रधान गीता देवी, दीक्षा लेखवार, मंजीता देवी, चंद्रा देवी, निकिता, पूनम, ममता, रिजमोहन रांगड़, अनिल रांगड़, सूर्य सिंह पंवार, रमेश लेखवार, प्रताप सिंह पंवार, रतनमणि भट्ट, जनक बिष्ट, चेतन चमोली, राजेश प्रसाद, शिवदास, सुमन रौछेला सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *