• Fri. Feb 13th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

देहरादून अर्जुन हत्याकांड: संपत्ति विवाद में मां ने ही कराई बेटे की हत्या

ByParyavaran Vichar

Feb 13, 2026

देहरादून, 13 फरवरी 2026। तिब्बती मार्केट के बाहर कारोबारी अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि संपत्ति विवाद के चलते मां बीना शर्मा ने अपने ही बेटे की सुपारी देकर हत्या कराई। पुलिस ने बीना शर्मा, उसके साथी विनोद उनियाल और डॉ. अजय खन्ना को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं शूटर राजीव और उसके साथी पंकज को मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया।

15 साल पुराना था विवाद

पुलिस के अनुसार अर्जुन और उसकी मां के बीच रिश्तों में दरार करीब 15 वर्ष पहले शुरू हुई थी, जब अर्जुन ने पारिवारिक व्यवसाय संभाला। व्यवसाय से जुड़े पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों में मतभेद बढ़ते गए।

गैस एजेंसी और प्रॉपर्टी बना विवाद की जड़

अर्जुन के पिता कर्नल रमेश चंद शर्मा लगभग 38 वर्ष पूर्व शहीद हो गए थे। इसके बाद सरकार ने बलिदानी कोटे से परिवार को गैस एजेंसी आवंटित की थी। इसी संपत्ति के आधार पर परिवार ने बैंक ऑफ बड़ौदा से करीब आठ करोड़ रुपये का लोन लिया था। लोन चुकाने और संपत्ति के बंटवारे को लेकर भी मतभेद थे।

करीब आठ माह पहले बीना शर्मा ने जीएमएस रोड स्थित पैतृक संपत्ति का 14 करोड़ रुपये में डॉ. अजय खन्ना के साथ सौदा किया। इस रकम में से चार करोड़ रुपये से बैंक का लोन चुकाया गया, जबकि शेष आठ करोड़ रुपये बीना के खाते में आए। आरोप है कि यह रकम अगले ही दिन विनोद उनियाल को ट्रांसफर कर दी गई, जिससे अर्जुन नाराज था। वह पैतृक संपत्ति में अपना आधा हिस्सा मांग रहा था।

स्टे ऑर्डर से बिगड़ी बात

बताया गया कि सौदे की शर्तों के अनुसार यदि संपत्ति का लेन-देन पूरा नहीं होता तो दोगुनी रकम लौटानी थी। अर्जुन ने अदालत से स्टे ऑर्डर ले लिया, जिससे सौदा अटक गया। इस कारण डॉ. अजय खन्ना का बीना पर लगातार दबाव बढ़ता गया। पुलिस के मुताबिक, इसी दबाव और संपत्ति विवाद के चलते तीनों ने मिलकर अर्जुन की हत्या की साजिश रची और 12 लाख रुपये में सुपारी दी।

इस सनसनीखेज खुलासे के बाद शहर में चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *