देहरादून में बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। शहर का तापमान इन दिनों 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जिससे डिहाइड्रेशन और लू लगने का खतरा बढ़ गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। रायपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. झा के अनुसार, लू लगने पर चक्कर आना, सिरदर्द, तेज बुखार, उल्टी और बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसे में लक्षण नजर आते ही तुरंत नजदीकी अस्पताल में संपर्क करना जरूरी है।
लोगों को घर से बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखने, चेहरे को सुरक्षित रखने और हल्के रंग के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। साथ ही शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए नियमित रूप से तरल पदार्थों का सेवन करना जरूरी बताया गया है।
बचाव के उपाय:
- नींबू पानी, जलजीरा और नारियल पानी का अधिक सेवन करें
- जूस में बर्फ डालने से बचें
- एसी से निकलकर तुरंत तेज धूप में न जाएं
विशेषज्ञों का कहना है कि सावधानी बरतकर ही इस भीषण गर्मी और लू के प्रभाव से बचा जा सकता है।
