देहरादून/पौड़ी गढ़वाल: लक्ष्मणझूला क्षेत्र में साधु के वेश में रह रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी हिंदू नाम और माथे पर तिलक लगाकर अपनी असली पहचान छिपा रहा था।
पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन प्रहार के तहत चलाए जा रहे संयुक्त चेकिंग अभियान में रामझूला रोड स्थित काली मंदिर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सनीउर रहमान उर्फ सत्यसाधू (39) बताया, जो बांग्लादेश के फरीदपुर का रहने वाला है।
जांच में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2016 से बिना वीजा भारत में अवैध रूप से रह रहा था। उसने दिल्ली के पते पर फर्जी नाम से आधार कार्ड भी बनवा रखा था, ताकि पहचान छिपाकर आसानी से रह सके।
पुलिस ने उसके पास से एक्सपायर बांग्लादेशी पासपोर्ट, आधार कार्ड, तीन मोबाइल फोन, लैपटॉप, टैबलेट और पेन ड्राइव सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।
फिलहाल आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह इतने समय तक भारत में कैसे छिपकर रह रहा था और उसके संपर्क किन-किन लोगों से थे।
