• Wed. May 13th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

पेयजल संकट और नशाखोरी के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन

ByParyavaran Vichar

May 13, 2026

अल्मोड़ा। ग्राम सभा दौलीगाड़ में पेयजल संकट और बढ़ती नशाखोरी को लेकर महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। मंगलवार को पंचायत भवन में आयोजित बैठक में महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

महिलाओं का आरोप है कि कुछ अराजक तत्व बागपाली-कांडा पेयजल योजना में लगातार तोड़फोड़ कर रहे हैं, जिससे जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। इसके अलावा सरयू पंपिंग योजना के पंप में खराबी आने से पिछले दो सप्ताह से पानी की आपूर्ति बंद है।

स्थिति यह है कि गांव की महिलाओं को गर्मी के मौसम में करीब दो किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। महिलाओं ने ग्राम कांडा के लिए नई पेयजल योजना स्वीकृत करने और पिछले 40 वर्षों से चल रही पुरानी योजना की मरम्मत कराने की मांग की। साथ ही पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।

बैठक में महिलाओं ने क्षेत्र में बढ़ती अवैध शराब और नशाखोरी पर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि इसका बुरा असर बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों पर पड़ रहा है तथा महिला उत्पीड़न की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से अवैध शराब के कारोबार पर सख्त रोक लगाने की मांग की।

बैठक में पूर्व प्रधान पूनम, मीना कांडपाल, नीमा कांडपाल, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, नीता देवी, सरस्वती देवी और भागीरथी देवी समेत कई महिलाएं मौजूद रहीं।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *