• Tue. May 19th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

उत्तराखंड में बढ़ेगी गर्मी: तापमान 40 डिग्री पार जाने के आसार, प्रशासन अलर्ट

ByParyavaran Vichar

May 19, 2026

देहरादून में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के थपेड़ों ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विज्ञान विभाग ने आने वाले दिनों में उत्तराखंड के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है। इसके चलते राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को एडवाइजरी जारी कर सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने लोगों से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग को हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और गर्मी से होने वाली बीमारियों से निपटने के लिए अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही पेयजल और बिजली आपूर्ति सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

विद्यालयों, निर्माण स्थलों और खुले में काम करने वाले श्रमिकों के लिए विशेष सावधानियां बरतने को कहा गया है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।

अधिवक्ताओं को राहत: बिना कोट के कोर्ट में पेशी की अनुमति

भीषण गर्मी को देखते हुए देहरादून बार एसोसिएशन की मांग पर जिला जज ने अधिवक्ताओं को बड़ी राहत दी है। अब अधिवक्ता बिना काला कोट पहने भी न्यायालय में उपस्थित होकर पैरवी कर सकेंगे। यह व्यवस्था 19 मई से लागू कर दी गई है।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुकरेती ने बताया कि लगातार बढ़ते तापमान और उमस के कारण अधिवक्ताओं को काला कोट पहनकर काम करने में काफी परेशानी हो रही थी। इसे देखते हुए जिला जज ने मानवीय आधार पर यह फैसला लिया।

39 डिग्री के करीब पहुंचा तापमान

सोमवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर में बाजारों में भीड़ कम दिखाई दी।

पर्वतीय क्षेत्रों में भी गर्मी का असर देखने को मिला। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 19 मई को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि 20 से 24 मई के बीच पर्वतीय जिलों में हल्के मौसम परिवर्तन की संभावना है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *