ऋषिकेश के आईडीपीएल क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दांत वाला हाथी सड़क पर आ गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हाथी की मौजूदगी के चलते वन विभाग ने सुरक्षा के मद्देनजर सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी।
बताया जा रहा है कि पिछले दो सप्ताह से यह हाथी आईडीपीएल के जंगल और आसपास के क्षेत्रों में घूम रहा है। वन विभाग की रेस्क्यू टीम लगातार उस पर नजर बनाए हुए है।
शाम के समय सैर पर निकले लोगों को भी वन विभाग की टीम ने सुरक्षा कारणों से आगे जाने से रोक दिया। अचानक हाथी के सड़क पर आ जाने से स्थानीय लोगों और राहगीरों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी की गतिविधियों पर निगरानी शुरू की।
कुछ देर बाद हाथी सड़क पार कर जंगल की ओर लौट गया, जिसके बाद वाहनों और लोगों की आवाजाही फिर से शुरू कर दी गई।
ऋषिकेश रेंज अधिकारी गंभीर सिंह धमांदा ने लोगों से अपील की है कि जंगली जानवर दिखने पर घबराएं नहीं और सतर्कता बरतें। उन्होंने कहा कि हाथी को देखकर शोर न मचाएं तथा वन विभाग के निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
