• Tue. Jul 7th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

बारिश से बढ़ी परेशानी: सोनप्रयाग-त्रियुगीनारायण मार्ग पर भूस्खलन, कई सड़कें बंद

ByParyavaran Vichar

Jul 7, 2026

लगातार हो रही बारिश के कारण रुद्रप्रयाग जिले के सोनप्रयाग-त्रियुगीनारायण मोटर मार्ग पर बार-बार भूस्खलन हो रहा है। सड़क पर मलबा और बोल्डर आने से यातायात बार-बार बाधित हो रहा है, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भगवान शिव-पार्वती के विवाह स्थल के रूप में प्रसिद्ध त्रियुगीनारायण मंदिर में आयोजित विवाह समारोह भी इस स्थिति से प्रभावित हुए हैं।

रविवार देर रात हुई भारी बारिश के बाद बड़ा सांगू क्षेत्र में भारी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर आ गए, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। सड़क बंद होने के कारण यात्रियों को लंबी दूरी तक पैदल चलकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। गुजरात और महाराष्ट्र से आए कई श्रद्धालु, जिनका त्रियुगीनारायण मंदिर में विवाह समारोह निर्धारित था, भी इस समस्या से प्रभावित हुए।

स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि बरसात के दौरान इस मार्ग पर लगातार मलबा गिरने की समस्या बनी रहती है। उनका आरोप है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण गधेरों का पानी सीधे सड़क पर आ रहा है, जिससे चट्टानें खिसक रही हैं और भूस्खलन की घटनाएं बढ़ रही हैं।

पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता पवन कुमार ने बताया कि मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु रखने के लिए मशीनें मौके पर तैनात की गई हैं और लगातार मलबा हटाने का कार्य किया जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि सड़क को शीघ्र यातायात के लिए बहाल किया जाए।

उधर, चमोली जिले की पिंडरघाटी में भी रविवार रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण कई मोटर मार्ग बंद हो गए। देवाल, थराली और नारायणबगड़ क्षेत्रों में सड़कें मलबे से पट गईं, जिससे 50 से अधिक वाहन बीच रास्ते में फंस गए। थराली-डुंग्री मोटर मार्ग लगभग 12 घंटे बाद यातायात के लिए खोला जा सका, जबकि सोल घाटी के 16 गांवों के करीब 10 हजार लोग प्रभावित हुए।

नारायणबगड़ क्षेत्र में नलगांव-कफारतीर-भटियाणा मोटर मार्ग पिछले एक सप्ताह से बंद है, जिससे लोगों को ब्लॉक मुख्यालय पहुंचने के लिए 25 से 30 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। प्रशासन ने प्रभावित मार्गों पर जेसीबी मशीनें तैनात कर सड़कें खोलने का कार्य तेज कर दिया है। वहीं, देवाल बाजार के पास लगातार हो रहे भूस्खलन से आसपास के भवनों पर भी खतरा बना हुआ है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *