• Mon. Jul 13th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

सड़क सुविधा के अभाव में महिला की मौत, डोली में अस्पताल ले जाते-ले जाते गई जान

ByParyavaran Vichar

Jul 13, 2026

अल्मोड़ा, 13 जुलाई 2026: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के सल्ट विकासखंड में सड़क सुविधा के अभाव ने एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामसभा जाख के पणचूरा तोक निवासी 32 वर्षीय गीता देवी की समय पर इलाज न मिल पाने के कारण मौत हो गई। बीमार महिला को ग्रामीणों ने भारी बारिश के बीच करीब तीन किलोमीटर तक डोली में ले जाकर सड़क तक पहुंचाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने में हुई देरी उनकी जान नहीं बचा सकी।

परिजनों के अनुसार, गीता देवी लंबे समय से बीमार थीं और हाल के दिनों में उनकी तबीयत अचानक अधिक बिगड़ गई। गांव तक सड़क नहीं होने और तत्काल मदद उपलब्ध न होने के कारण उन्हें समय पर अस्पताल नहीं ले जाया जा सका। शनिवार को ग्रामीणों ने उन्हें डोली में बैठाकर करीब डेढ़ घंटे तक खड़ी चढ़ाई पार कर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उन्हें निजी वाहन से पहले रामनगर, फिर गुरुग्राम और अंत में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान देर रात उनका निधन हो गया।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि गांव तक सड़क और वाहन की सुविधा होती तो गीता देवी को समय पर उपचार मिल सकता था। महिला को सड़क तक पहुंचाने में कई ग्रामीणों ने कठिन परिस्थितियों में सहयोग किया। इस दौरान उनकी वृद्ध सास भी उनके साथ रहीं।

गीता देवी अपने चार माह के बेटे और वृद्ध सास के साथ गांव में रहती थीं, जबकि उनकी बड़ी बेटी अपने पिता के साथ गुरुग्राम में पढ़ाई कर रही है। बताया गया कि बेटे के जन्म के बाद से उनकी तबीयत लगातार खराब चल रही थी और उनका इलाज ऋषिकेश स्थित एम्स में भी चल रहा था।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव को सड़क से जोड़ने की मांग लंबे समय से की जा रही है। पहले कुछ लोगों की आपत्ति के कारण सड़क निर्माण का कार्य अटका हुआ था, लेकिन अब सभी ग्रामीणों ने अनापत्ति पत्र विभाग को सौंप दिया है। ग्राम प्रधान ने आश्वासन दिया है कि आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *