• Mon. Jul 13th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

उत्तराखंड में जल्द शुरू होंगी हाइड्रोजन बसें, दून-दिल्ली मार्ग से होगी नई पहल

ByParyavaran Vichar

Jul 13, 2026

देहरादून, 13 जुलाई 2026: उत्तराखंड परिवहन निगम प्रदेश में स्वच्छ और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए हाइड्रोजन बसों के संचालन की तैयारी कर रहा है। इसकी शुरुआत देहरादून-दिल्ली मार्ग से की जाएगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के अन्य मार्गों पर भी इस सेवा का विस्तार किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, 9 से 11 जुलाई तक गुजरात के गांधीनगर में आयोजित बस एवं कार ओनर एसोसिएशन ऑफ इंडिया की प्रदर्शनी में परिवहन निगम के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान हाइड्रोजन ईंधन आधारित बसों सहित कई आधुनिक तकनीकों का अध्ययन किया गया। निगम ने इनमें से दो प्रमुख मॉडलों को अपनी भविष्य की योजनाओं में शामिल किया है।

परिवहन निगम हाइड्रोजन बसों के संचालन के लिए आवश्यक बजट का आकलन कर राज्य सरकार से वित्तीय सहायता मांगेगा। अधिकारियों के अनुसार, दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर हाइड्रोजन ईंधन उपलब्ध होने के कारण प्रारंभिक चरण में इसी मार्ग का चयन किया गया है। इस पहल का उद्देश्य प्रदूषण को कम करना और यात्रियों को किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।

इसके साथ ही, रोडवेज बसों की निगरानी के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया जाएगा। इस केंद्र के माध्यम से बसों की गति, निर्धारित मार्ग, ठहराव और संचालन की रियल-टाइम निगरानी की जा सकेगी। इससे सेवाओं की गुणवत्ता और सुरक्षा में सुधार होगा।

यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन निगम 24×7 टोल-फ्री हेल्पलाइन भी शुरू करेगा। इस हेल्पलाइन के जरिए यात्रियों की शिकायतें तुरंत दर्ज कर उनका शीघ्र समाधान किया जाएगा।

परिवहन निगम के महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह ने बताया कि हाइड्रोजन बसों का मॉडल योजना में शामिल कर लिया गया है। प्रारंभ में इनका संचालन दून-दिल्ली मार्ग पर होगा और सफल संचालन के बाद प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी यह सेवा शुरू की जाएगी।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *