• Fri. Aug 7th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

चमोली: गोशाला के पास लावारिस मिला नवजात, मुंह में रबड़ ठूंसी; समय रहते बची जान, पुलिस जांच में जुटी

ByParyavaran Vichar

Aug 7, 2026

चमोली:
उत्तराखंड के चमोली जिले के रांगतोली गांव में एक नवजात शिशु गोशाला के समीप लावारिस हालत में मिला। उसके मुंह में बालों का रबड़ ठूंसा हुआ था, जिससे उसकी आवाज बाहर न जा सके। समय पर ग्रामीणों की नजर पड़ने और तत्काल अस्पताल पहुंचाए जाने से उसकी जान बच गई।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह गोशाला जा रही एक महिला ने नवजात को देखा और इसकी सूचना ग्राम प्रधान संतोष गुसाईं तथा ग्राम प्रहरी को दी। ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचे और नवजात के मुंह से रबड़ निकालकर देखा तो उसकी सांसें चल रही थीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस टीम नवजात को तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा और देखभाल के लिए उसे बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की निगरानी में बेस अस्पताल श्रीकोट रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार, समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई।

घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और दुख का माहौल है। ग्रामीणों और स्थानीय महिलाओं ने इसे अमानवीय कृत्य बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पूर्व ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि क्षेत्र में इस तरह की घटना पहली बार सामने आई है।

पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। नवजात को वहां छोड़ने वालों का पता लगाने के लिए क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं सहित स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *