हरिद्वार:
धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान आस्था और सामाजिक सौहार्द का एक अलग दृश्य देखने को मिला। चंडीघाट स्थित गंगा तट पर मुस्लिम महिला अनिशा बानो और घर वापसी कर चुकी तमन्ना मलिक ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा की शुरुआत की।
इस अवसर पर दोनों महिलाओं का तिलक लगाकर और भगवा चादर ओढ़ाकर सम्मान किया गया। आयोजन के दौरान अनिशा बानो को यथार्थ गीता तथा तमन्ना मलिक को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दृष्टिकोण पर आधारित एक पुस्तक भेंट की गई।
सम्मान समारोह के बाद दोनों महिलाओं ने मां गंगा, भगवान भोलेनाथ और सनातन धर्म के जयकारों के बीच गाजियाबाद के लिए प्रस्थान किया। आयोजन से जुड़े लोगों का कहना था कि सनातन धर्म की आस्था और परंपराओं से प्रेरित होकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान करना सभी का दायित्व है।
कांवड़ यात्रा के दौरान यह घटना श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही और धार्मिक आस्था के विविध स्वरूपों को सामने लाने वाली एक उल्लेखनीय घटना के रूप में देखी गई।
