• Fri. Sep 4th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

देहरादून में बुजुर्ग महिला की हत्या से सनसनी, सोने का कंगन गायब; लूट की आशंका

ByParyavaran Vichar

Sep 4, 2026

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र की एमडीडीए कॉलोनी में बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े घर में घुसकर 70 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई। वारदात के समय महिला घर में अकेली थीं, जबकि उनके पति अपनी दुकान पर गए हुए थे। महिला के हाथ से सोने का कंगन गायब मिलने के बाद परिजनों ने लूट के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

मृतका की पहचान रेखा बंसल (70) के रूप में हुई है। उनके पति दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड पर किताबों की दुकान है। पुलिस के अनुसार, घटना करीब सवा चार बजे की बताई जा रही है। शाम को परिजनों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। महिला के चेहरे पर खरोंच के निशान भी मिले हैं।

पुलिस और एफएसएल ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल समेत रायपुर और डालनवाला थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी भी कराई।

मृतका के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही घटना के समय इलाके में मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

लूट समेत कई पहलुओं पर जांच

पुलिस हत्या के पीछे लूट समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। महिला के हाथ में पहना सोने का कंगन गायब होने के कारण परिजन लूट की आशंका जता रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के कारण और आरोपी को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला है।

दिनदहाड़े घर में घुसकर हुई हत्या की घटना से एमडीडीए कॉलोनी में दहशत का माहौल है। पुलिस आरोपियों की तलाश के साथ ही घटना के हर पहलू की जांच में जुटी है।

एसपी देहात जया बलोनी ने बताया कि पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों की ओर से हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *