• Mon. Nov 2nd, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

उत्तराखंड: एसओपी की मंजूरी का इंतजार किए बिना शुरू होगी राष्ट्रीय खेलों की तैयारी, फरवरी-मार्च 2027 में प्रस्तावित आयोजन

ByParyavaran Vichar

Nov 2, 2026

देहरादून। मेघालय में अगले साल फरवरी-मार्च 2027 में प्रस्तावित राष्ट्रीय खेलों को लेकर उत्तराखंड के खेल विभाग ने तैयारियां तेज करने का निर्णय लिया है। विभाग अब मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) को अंतिम मंजूरी मिलने का इंतजार किए बिना ही आयोजन से जुड़ी आवश्यक तैयारियां शुरू करेगा। इसका उद्देश्य समय रहते खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और अन्य व्यवस्थाओं को पूरा करना है।

हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"

विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा के अनुसार, राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों से संबंधित एसओपी का प्रस्ताव फिलहाल वित्त विभाग में लंबित है। हालांकि, इसकी मंजूरी की प्रक्रिया जारी है, लेकिन इसके चलते तैयारियों को रोका नहीं जाएगा। विभागीय स्तर पर खेल स्थलों, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, आधारभूत सुविधाओं और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर काम शुरू किया जाएगा।

वहीं, अपर निदेशक खेल एवं युवा कल्याण अजय अग्रवाल ने बताया कि राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों के लिए एसओपी का प्रस्ताव निदेशालय की ओर से शासन को भेजा गया था। इस पर वित्त विभाग ने कुछ आपत्तियां लगाई थीं, जिनका निस्तारण कर प्रस्ताव दोबारा शासन को भेज दिया गया है।

स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ

तैयारियों के लिए समय कम, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण पर रहेगा फोकस

राष्ट्रीय खेलों से पहले खिलाड़ियों के विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाने हैं। इसके अलावा विभिन्न खेल संघों के माध्यम से खिलाड़ियों का चयन, कोच और फिजियोथेरेपिस्ट की तैनाती तथा आवश्यक खेल सुविधाएं उपलब्ध करानी हैं। इन सभी व्यवस्थाओं के लिए एसओपी जारी होना जरूरी है। बताया जा रहा है कि फिजियोथेरेपिस्ट की तैनाती को लेकर वित्त विभाग ने आपत्ति जताई थी।

खेल विभाग का कहना है कि उसके पास तैयारियों के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध है। ऐसे में एसओपी की अंतिम मंजूरी का इंतजार किए बिना प्रारंभिक कार्य शुरू किए जाएंगे।

विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों के लिए एसओपी का मामला वित्त विभाग में विचाराधीन है, लेकिन विभाग इसके कारण तैयारियों में देरी नहीं करेगा।

वहीं, प्रमुख सचिव वित्त आरके सुधांशु ने कहा कि एसओपी का प्रस्ताव किस स्तर पर लंबित है, इसकी जानकारी ली जाएगी। मामला संज्ञान में आने के बाद इसका जल्द निस्तारण किया जाएगा।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *