• Tue. Sep 8th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026: देहरादून की हवा हुई और साफ, 12वें स्थान पर पहुंचा; ऋषिकेश और काशीपुर की रैंकिंग गिरी

ByParyavaran Vichar

Sep 8, 2026
देहरादून। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के तहत स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 की रैंकिंग जारी कर दी है। उत्तराखंड में देहरादून ने इस बार बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी रैंकिंग में सात पायदान का सुधार किया है। देहरादून अब 12वें स्थान पर पहुंच गया है।

तीन से दस लाख की आबादी वाले 42 शहरों की श्रेणी में देहरादून को 12वीं रैंक मिली है। पिछले वर्ष देहरादून की रैंकिंग 19वीं थी। लगातार तीसरे वर्ष देहरादून की रैंकिंग में सुधार दर्ज किया गया है।

वहीं, ऋषिकेश और काशीपुर की रैंकिंग में गिरावट आई है। तीन लाख से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में ऋषिकेश इस वर्ष 16वें स्थान पर रहा, जबकि पिछले वर्ष वह 14वें स्थान पर था। इसी तरह काशीपुर की रैंकिंग 21वीं रही, जबकि पिछले वर्ष वह 18वें स्थान पर था।

राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) देहरादून, काशीपुर और ऋषिकेश में वायु गुणवत्ता की निगरानी के साथ प्रदूषण कम करने के लिए विभिन्न उपाय कर रहा है।

चार वार्डों को भी मिला सम्मान

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण के तहत राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले वार्डों की सूची भी जारी की गई है। इसमें देहरादून का धोरन वार्ड, काशीपुर का एक वार्ड, बाजपुर तथा ऋषिकेश का आवास विकास वार्ड शामिल हैं।

बेहतर प्रदर्शन करने वाले इन वार्डों को नकद पुरस्कार दिया जाएगा। देहरादून के संबंधित वार्ड को 15 लाख रुपये, जबकि काशीपुर और ऋषिकेश के चयनित वार्डों को 10-10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *