• Tue. Sep 8th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

मसूरी: पानीवाला बैंड के पास गहरी खाई में मिला व्यापारी का शव, क्षतिग्रस्त सड़क के पास खड़ी थी कार

ByParyavaran Vichar

Sep 8, 2026
मसूरी। देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के नीचे करीब 200 मीटर गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव मिला। शव नदी के समीप पड़ा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को खाई से बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि पानीवाला बैंड के निकट सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के पास एक कार खड़ी है और नीचे खाई में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर कोल्हूखेत चौकी प्रभारी पंकज महिपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

मृतक की पहचान अजय कुमार कोहली पुत्र देवेंद्र कुमार कोहली, निवासी क्रॉस रोड, देहरादून के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अजय मंगलवार सुबह करीब सात बजे घर से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। वह देहरादून में व्यापारी थे।

मौके पर पुलिस को सड़क के किनारे खड़ी कार भी मिली। कार के अंदर से शराब की आधी बोतल, पर्स और मोबाइल फोन बरामद हुआ। खाई काफी गहरी होने के कारण एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम को रेस्क्यू के लिए बुलाया गया। टीमों ने काफी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला।

घटनास्थल पर फील्ड यूनिट और एंबुलेंस की टीम भी मौजूद रही। एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि शव को खाई से बाहर निकालने के बाद पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *