अल्मोड़ा। स्टाइपेंड में बढ़ोतरी समेत अन्य लंबित मांगों को लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा के एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों ने अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार शुरू कर दिया है। इंटर्न डॉक्टरों ने बेस अस्पताल परिसर में तेज बारिश के बीच प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ अपना विरोध जताया।
हालांकि, मरीजों की परेशानी को देखते हुए आंदोलनकारी डॉक्टरों ने आपातकालीन सेवाओं को कार्यबहिष्कार से बाहर रखा है। उनका कहना है कि इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को किसी तरह की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।
प्रदर्शनकारी इंटर्न डॉक्टरों के मुताबिक, वर्तमान में उन्हें महज 17 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जा रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी जिम्मेदारियों, मेहनत और योग्यता को देखते हुए यह राशि काफी कम है।
इंटर्न डॉक्टरों ने उत्तराखंड सरकार से मांग की है कि एमबीबीएस इंटर्न का मासिक स्टाइपेंड बढ़ाकर कम से कम 30 हजार रुपये किए जाने की संस्तुति तत्काल प्रदान की जाए। उन्होंने अन्य लंबित मांगों के समाधान की भी मांग उठाई है।
प्रदर्शन के दौरान आदित्य, प्रवाही रावत, रक्षित देवड़ी, ध्रुव देवराड़ी, फलक, पंकज, कुशाग्र, भावना और शरीफ समेत कई इंटर्न डॉक्टर मौजूद रहे। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
