अल्मोड़ा नगर के एडम्स इंटर कॉलेज मैदान में चल रहे नंदा देवी मेले में बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। झूले का एक हिस्सा अचानक टूटने से एक युवक नीचे गिर गया। हादसे में युवक के दोनों पैरों में फ्रैक्चर होने की जानकारी है, जबकि एक महिला भी घायल हुई है।
झूला टूटते ही मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झूले में तकनीकी खराबी आने के बाद उसका एक हिस्सा अचानक टूट गया। इसके बाद युवक नीचे गिर पड़ा। हादसे के बाद मेला क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
महिला को भी हादसे में चोटें आई हैं। उसकी चोटों की गंभीरता के संबंध में फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
प्रशासन ने झूला किया सील
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन ने दुर्घटना के बाद झूले को सील कर दिया है।
झूला संचालक से लाइसेंस और फिटनेस प्रमाणपत्र मांगे गए हैं। साथ ही झूले की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा इंतजामों की जांच की जा रही है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर जांच की जा रही है।
