• Fri. Nov 13th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

केदारनाथ आपदा के 13 साल पुराने भयावह मंजर, डॉक्टर की डायरी से सामने आई आंखों देखी

ByParyavaran Vichar

Nov 13, 2026

देहरादून। जून 2013 में केदारनाथ में आई विनाशकारी आपदा ने उत्तराखंड ही नहीं, पूरे देश को झकझोर दिया था। चारों ओर तबाही, मलबे में दबे लोग, घायलों की पीड़ा और अपनों को तलाशते परिवारों की बेबसी उस त्रासदी की भयावह तस्वीर बन गई थी। सीमित संसाधनों के बीच राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे लोगों के सामने हर दिन नई चुनौतियां थीं। उस दौरान इन परिस्थितियों को करीब से देखने और चिकित्सा सेवाओं में योगदान देने वाले वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधीर शैली ने अपने अनुभवों को अब पुस्तक के माध्यम से सामने रखा है।

हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"

गुरुवार को देहरादून स्थित दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र में डॉ. सुधीर शैली की पुस्तक ‘केदारनाथ संस्मरण—एक डॉक्टर की डायरी’ के हिंदी और अंग्रेजी संस्करण का लोकार्पण किया गया। इस पुस्तक में वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा के दौरान देखे गए घटनाक्रम, राहत कार्यों की चुनौतियों और मानवीय संवेदनाओं को दर्ज किया गया है।

प्रभावित परिवारों की पीड़ा और राहतकर्मियों का संघर्ष

पुस्तक में डॉ. शैली ने आपदा के दौरान सामने आए भयावह दृश्यों का वर्णन किया है। मलबे में दबे लोगों को निकालने के प्रयास, घायलों का उपचार और सीमित चिकित्सा संसाधनों के बीच राहतकर्मियों की जिम्मेदारियों को इसमें जगह दी गई है।

स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ

इसके साथ ही आपदा से प्रभावित परिवारों की पीड़ा, अपनों को खोने का दर्द और विपरीत परिस्थितियों में लोगों के साहस को भी पुस्तक में दर्ज किया गया है। यह केवल आपदा के घटनाक्रम का विवरण नहीं, बल्कि संकट के समय सामने आई सेवा भावना, मानवीय संवेदनाओं और संघर्ष का दस्तावेज भी है।

वर्षों तक मन में संजोए रहे आपदा के अनुभव

डॉ. सुधीर शैली ने बताया कि केदारनाथ आपदा के दौरान देखे और अनुभव किए गए घटनाक्रम ने उनके मन पर गहरी छाप छोड़ी थी। लंबे समय तक इन स्मृतियों को अपने भीतर संजोए रखने के बाद उन्होंने उन्हें पुस्तक के रूप में साझा करने का निर्णय लिया।

उनका उद्देश्य प्रत्यक्ष अनुभवों को लिखित रूप में सुरक्षित रखना है, ताकि समय बीतने के साथ आपदा से जुड़े महत्वपूर्ण अनुभव और घटनाएं विस्मृत न हों। पुस्तक के हिंदी और अंग्रेजी दोनों संस्करणों के माध्यम से इन अनुभवों को अधिक पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

गणमान्य लोगों की मौजूदगी में हुआ लोकार्पण

पुस्तक लोकार्पण समारोह की अध्यक्षता उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय की पूर्व कुलपति डॉ. सुधा रानी पांडेय ने की। मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना मौजूद रहीं।

विशिष्ट अतिथियों में पद्मश्री डॉ. बीकेएस संजय, पूर्व पुलिस महानिदेशक एवं साहित्यकार अनिल रतूड़ी और वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. हरीश कोहली शामिल हुए। अतिथियों ने पुस्तक को आपदा के प्रत्यक्ष अनुभवों के दस्तावेजीकरण की महत्वपूर्ण पहल बताया।

कार्यक्रम में पुस्तकालय के कार्यक्रम अधिकारी चंद्रशेखर तिवारी ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि डॉ. भारती मिश्रा ने कार्यक्रम का संचालन किया।

कई साहित्यकार और गणमान्य लोग रहे मौजूद

लोकार्पण समारोह में शांति प्रकाश जिज्ञासु, शैलेंद्र नौटियाल, पुस्तकालयाध्यक्ष डीके पांडे, सुंदर सिंह बिष्ट, डॉ. नंद किशोर हटवाल, डॉ. लालता प्रसाद, अशोक महर, कर्नल डिमरी, डॉ. डीएन भटकोटी, कुलभूषण, जगदंबा मैठाणी, सिद्धि डोभाल, रजनीश त्रिवेदी, नरेंद्र सिंह, सत्य प्रकाश शर्मा, क्षमा कौशिक और आलोक सरीन सहित कई लोग उपस्थित रहे।

डॉ. सुधीर शैली की यह पुस्तक वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा को एक प्रत्यक्षदर्शी चिकित्सक के अनुभवों के माध्यम से समझने का अवसर देती है। इसमें दर्ज संस्मरण आने वाली पीढ़ियों के लिए उस त्रासदी, राहत कार्यों और मानवीय संघर्ष की यादों को सुरक्षित रखने का माध्यम बन सकते हैं।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *