• Mon. Jul 28th, 2025

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

मां के साथ खिलवाड़: संपत्ति लेने के बाद बेटों ने दिखाया रंग, पोते ने वृद्धा के बाल नोचे…मारे तमाचे, पढ़ें मामला

ByParyavaran Vichar

Jun 18, 2024

कानपुर। सन्नाटा छा गया बंटवारे के किस्से में, जब मां ने पूछा मैं आई किसके हिस्से में…। कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है कानपुर के साकेतनगर का। यहां एक 89 साल की वृद्धा के चार बेटों ने संपत्ति में हिस्सा लेने के बाद मां का ही बंटवारा कर डाला।

वृद्धा का हाल बागवान फिल्म के उन अमिताभ बच्चन और हेमा मालिनी की तरह कर दिया, जिन्हें उनके बेटे छह-छह माह अलग रहने को मजबूर कर देते हैं। इस मामले में भी चारों बेटे वृद्धा को तीन-तीन माह ही अपने यहां रखने और खाना देने के लिए तैयार होते हैं।

हद तो तब हो गई, जब पोते (बड़े बेटे के पुत्र) ने उन पर हाथ उठा दिया। गाली देते हुए बाल पकड़कर नोचे और तमाचे मारे। इतना ही नहीं वृद्धा के बेटे ने अपने पुत्र का ही पक्ष लिया। इसके बाद वृद्धा ने किदवईनगर पुलिस से शिकायत की।

पुलिस ने बड़े बेटे और पोते के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। डब्ल्यू वन साकेतनगर निवासी माया देवी पांडेय ने बताया कि उनके चार बेटे विवेक कुमार, चंद्र प्रकाश, मनोज कुमार, विनय कुमार और तीन बेटियां हैं। सभी की शादी हो चुकी है।

पति राम गोपाल पांडेय होजरी का काम करते थे। करीब 35 साल पहले उनका निधन हो गया था। इसके बाद कुछ साल तक तो सब ठीक चला। फिर एक दिन बात उठी बंटवारे की। उन्होंने करीब तीन सौ गज के मकान को चार बराबर हिस्सों में बांटकर बेटों को दे दिया।

वृद्धा के मुताबिक करीब आठ साल पहले वह उन बेटों को ही बोझ लगने लगी, जिन्हें गोदी उठाते कभी उसके कंधे नहीं दुखे। घर में चर्चा होने लगी कि उन्हें कौन रखेगा और कौन खाना खिलाएगा। घर में मनमुटाव होता देख बर्रा में रहनी वाली छोटी बेटी विनीता ने तय किया कि वे चारों बेटों के पास तीन-तीन माह रहेंगी।

तब से यही सिलसिला चला आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी बात से नाराज पोता (बड़े बेटे विवेक कुमार का बेटा) साहिल पांडेय उर्फ विकास उनसे गालीगलौज करने लगा। इसके बाद मारपीट भी की।

30 मई को रात 10:30 बजे वह अपने कमरे में थी, तो साहिल आया और बाल पकड़कर कई बार हिलाया। गालीगलौज करने के बाद तमाचे मारे। धमकी दी कि पहले तुमको और तुम्हारे छोटे लड़के को मार देंगे। इसके बाद बाकी दोनों लड़कों को मार देंगे।

वृद्धा के मुताबिक बड़ा लड़का भी अपने बेटे का ही पक्ष लेता है। थाना प्रभारी ने बताया कि वृद्धा की तहरीर पर उसके बेटे और पोते के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *