• Sun. Jul 27th, 2025

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

प्रदेश के 7000 से अधिक युवक और महिलाएं बनेंगे आत्मनिर्भर: रेखा आर्या

ByParyavaran Vichar

Apr 28, 2025

देहरादून  : प्रदेश के 7000 से अधिक युवक मंगल दल और महिला मंगल दलों को शीघ्र ही स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होने वाले हैं। सोमवार को राष्ट्रीय खेल सचिवालय में आयोजित बैठक के बाद युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल मंत्री रेखा आर्या ने यह जानकारी दी।



कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि युवा और महिला मंगल दलों की भूमिका का विस्तार करने का निर्णय लिया गया है। प्रस्तावित योजना के तहत उनसे स्वरोजगार से जुड़े प्रस्ताव आमंत्रित किए जाएंगे। इन प्रस्तावों की स्क्रूटनी के बाद उपयुक्त प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान कर आर्थिक सहायता दी जाएगी। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अधिकतम एक सप्ताह के भीतर इस योजना का विस्तृत प्रस्ताव तैयार करें।



बैठक में चार धाम यात्रा में ड्यूटी पर तैनात होने जा रहे 2800 से अधिक पीआरडी जवानों की समस्याओं पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने बताया कि समुद्र तल से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ड्यूटी करने वाले जवानों के लिए विशेष सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। इसके तहत उन्हें जूते, जैकेट, रेनकोट और वॉटरप्रूफ टेंट जैसी आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस संबंध में ऑनलाइन जुड़े सभी जिलों के जिला युवा कल्याण अधिकारियों से सुझाव भी मांगे गए हैं।



इसके अलावा, मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस वर्ष होने वाले खेल महाकुंभ की तैयारियां भी शीघ्र पूरी की जाएं।बैठक में विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, खेल निदेशक प्रशांत आर्य, उपनिदेशक शक्ति सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिमाद्री आइस रिंक जल्द होगा तैयार

बैठक के बाद खेल मंत्री रेखा आर्या ने महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज स्थित हिमाद्री आइस रिंक के पुनरोद्धार कार्य का निरीक्षण भी किया। उन्होंने बताया कि भारत और दक्षिण एशिया के पहले आइस रिंक का पुनरुद्धार कार्य लगभग पूरा हो चुका है और उम्मीद है कि आगामी एक सप्ताह में यह प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए तैयार हो जाएगा।मंत्री ने जानकारी दी कि विभाग को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन के कई प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से एक-दो प्रतियोगिताएं अगले डेढ़ महीने में आयोजित की जा सकती हैं।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *