• Fri. Feb 13th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

देहरादून एयरपोर्ट पर स्नेह राणा का ढोल-नगाड़ों से भव्य स्वागत

ByParyavaran Vichar

Nov 8, 2025

देहरादून।भारतीय महिला क्रिकेट टीम द्वारा दक्षिण अफ्रीका को हराकर पहली बार वनडे विश्व कप जीतने के बाद, टीम की ऑलराउंडर खिलाड़ी और उत्तराखंड की बेटी स्नेह राणा का शनिवार को देहरादून एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच स्नेह राणा जब जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचीं तो उनके स्वागत के लिए भारी भीड़ उमड़ी। स्नेह राणा मूल रूप से सनौला (देहरादून) की रहने वाली हैं और भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत में उन्होंने अहम भूमिका निभाई।

एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में स्नेह राणा ने कहा कि टीम इंडिया की यह जीत हर खिलाड़ी की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान उन्हें अपार प्रेरणा मिली। वहीं राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर वह मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से भी मुलाकात करेंगी।

स्नेह राणा को लेने के लिए एयरपोर्ट पर उनके भाई कमल राणा और भाभी ऋचा राणा भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि वर्ल्ड कप से पहले स्नेह को चोट लगी थी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ वापसी कर भारत को चैंपियन बनाया। उनके प्रदर्शन से न केवल देश बल्कि पूरे उत्तराखंड का नाम रोशन हुआ है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फोन पर स्नेह राणा से बातचीत कर उन्हें हार्दिक बधाई दी और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा, “स्नेह राणा ने मेहनत, संकल्प और प्रतिभा के बल पर उत्तराखंड का नाम विश्व पटल पर चमकाया है। उनकी सफलता राज्य की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।” उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा और प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

स्नेह राणा ने मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए सम्मान और प्रोत्साहन राशि के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह आगे भी देश और उत्तराखंड का नाम गौरवान्वित करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करती रहेंगी।

 

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *