• Sun. Mar 22nd, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

कुंजापुरी दर्शन को जा रही गुजरात की बस खाई में गिरी, पांच श्रद्धालुओं की मौत

ByParyavaran Vichar

Nov 24, 2025

टिहरी (घनसाली)। उत्तराखंड के टिहरी जिले में सोमवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब गुजरात के 29 श्रद्धालुओं को लेकर कुंजापुरी मंदिर की ओर जा रही एक बस अचानक नियंत्रण खोकर करीब 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और जिला प्रशासन, पुलिस व स्थानीय लोग तुरंत राहत-बचाव कार्य में जुट गए। अब तक पांच यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल हैं।

नरेंद्रनगर-कुंजापुरी मार्ग पर हुए इस हादसे की सूचना जिला नियंत्रण कक्ष से मिलते ही एसडीआरएफ वाहिनी नियंत्रण कक्ष सक्रिय हो गया। सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर ढालवाला, कोटि कॉलोनी और वाहिनी मुख्यालय से कुल पांच रेस्क्यू टीमों को तुरंत घटनास्थल की ओर भेजा गया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी बिना देर किए राहत कार्य शुरू कर दिया और बस में फंसे घायलों को बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हादसे के बाद पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें लगातार राहत कार्य जारी रखे हुए हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट के अनुसार दुर्घटना में चार पुरुष और एक महिला की मौत हुई है। घायलों में से तीन को गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश भेजा गया है, जबकि चार घायलों को श्रीदेव सुमन उप जिला अस्पताल नरेंद्रनगर में भर्ती कराया गया है। अन्य 17 लोगों को सामान्य बताया जा रहा है और उनका प्राथमिक उपचार जारी है।

यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि पहाड़ी मार्गों पर यात्रा के दौरान रफ्तार, मौसम, मोड़ और सड़क की स्थिति कितनी बड़ी चुनौती बन सकते हैं। जिला प्रशासन ने हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के निर्देश दे दिए हैं।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *