• Wed. Feb 4th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

स्कूली छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण, अभया अभियान के तहत पुलिस की पहल

ByParyavaran Vichar

Dec 12, 2025

उत्तरकाशी।
अभया अभियान के तहत मनेरी पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न स्कूलों में छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने और उन्हें महिला सुरक्षा, कानून और अधिकारों के प्रति जागरूक करने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में मनेरी क्षेत्र की पुलिस टीम ने राजकीय इंटर कॉलेज, मनेरी में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें छात्राओं के साथ शिक्षकों को भी सुरक्षा संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देश पर इस अभियान को पूरे जिले में सक्रिय रूप से संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें इस योग्य बनाना है कि वे किसी भी आपात परिस्थिति में स्वयं की सुरक्षा कर सकें। कार्यक्रम के दौरान पुलिस कर्मियों ने आत्मरक्षा के बुनियादी तकनीकी कौशल सिखाए और बताया कि कठिन परिस्थितियों में किस तरह प्रतिक्रिया देनी चाहिए।

इस मौके पर उप निरीक्षक हिमानी ने छात्राओं को महिला अपराधों, उनसे जुड़े कानूनों और अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम, पॉक्सो कानून, पॉश अधिनियम, और नए आपराधिक कानूनों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही छात्राओं और शिक्षकों को आपातकालीन सेवाओं के लिए 112, महिला हेल्पलाइन 1090 और 9411112780 नंबर की उपयोगिता समझाई।

इसके साथ ही सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह रावत ने छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों और साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे के प्रति सचेत किया। उन्होंने छात्रों से इंटरनेट पर सतर्क रहने, अजनबियों के संपर्क से बचने और संदिग्ध साइबर गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की सलाह दी। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी दी, ताकि किसी भी ऑनलाइन ठगी या साइबर अपराध से निपटने में तुरंत सहायता मिल सके।

पुलिस टीम ने छात्राओं को अपने करियर के प्रति जागरूक रहने, आत्मनिर्भर बनने और समाज में अपनी भूमिका मजबूत करने पर भी बल दिया। अभया अभियान के अंतर्गत ऐसे कार्यक्रम आने वाले दिनों में अन्य स्कूलों में भी आयोजित किए जाएंगे।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *