• Wed. Mar 18th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

पर्वतीय इलाकों में आज हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार, राज्य में अब भी 31 सड़कें बंद

ByParyavaran Vichar

Jan 27, 2026

देहरादून।
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में आज हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना अधिक है, जबकि प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। आने वाले दिनों में 29 जनवरी तक पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। 30 जनवरी को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि 31 जनवरी को एक बार फिर मौसम में बदलाव हो सकता है।

अब भी 31 मार्ग बंद, लोगों को परेशानी

बारिश और बर्फबारी के चलते प्रदेश में अब भी दो बार्डर रोड, एक राज्यमार्ग, दो जिला मार्ग समेत कुल 31 सड़कें बंद हैं। इससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार सबसे अधिक प्रभावित जिला देहरादून है, जहां एक राज्यमार्ग, दो जिला मार्ग और 17 ग्रामीण मार्ग बंद पड़े हैं।

पिथौरागढ़ जिले में दो बार्डर रोड और तीन ग्रामीण मार्ग बंद हैं। टिहरी जिले में दो और उत्तरकाशी में चार ग्रामीण मार्ग अभी भी बाधित हैं।

गंगोत्री हाईवे तीसरे दिन भी बंद

शुक्रवार को हुई भारी बर्फबारी के बाद गंगोत्री हाईवे तीसरे दिन भी सुचारू नहीं हो सका। वहीं यमुनोत्री हाईवे को रविवार को 52 घंटे बाद खोल दिया गया। गढ़वाल मंडल में 20 से अधिक ग्रामीण मार्ग अब भी बंद हैं और कई गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित है।

मौसम साफ होने पर प्रशासन की टीमें मार्ग खोलने और बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटी हुई हैं।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *